मणिपुर में भूकंप से 30 से अधिक लोग घायल

इंफाल, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। म्यांमार-भारत के सीमा क्षेत्र में बुधवार रात आए भूकंप से मणिपुर में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसमें कम से कम 30 लोग घायल हो गए, लेकिन किसी की जान जाने की खबर नहीं है।

अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि रिक्टर पैमाने पर 6.8 तीव्रता के भूकंप के कारण महिलाओं सहित कम से कम 30 लोग घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि मणिपुर में भूकंप के झटकों से कई मकान, स्कूल की इमारतें व बाजार क्षतिग्रस्त हो गए।

पड़ोसी राज्य असम में भूकंप के कारण दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 अन्य लोग घायल हो गए।

बुधवार को आए भूकंप से कुछ इमारतों को क्षति पहुंची। झटकों से 150 साल पुराना इमा कैथल या मदर्स मार्केट कॉम्प्लेक्स क्षतिग्रस्त हो गया।

जनवरी में आए भूकंप के बाद सरकार ने मदर्स मार्केट कॉम्प्लेक्स को वेंडरों के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया था। कॉम्प्लेक्स में वेंडर केवल महिलाएं हैं।

अधिकारियों ने आईएएनएस से गुरुवार को कहा कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के कई हिस्सों को क्षति पहुंची है। जिला प्रशासन ने महिला वेंडरों को कॉम्प्लेक्स में व्यापार करने से मना कर दिया है।

तामेंगलोंग जिले के नुंगबा उप-प्रमंडल में बुधवार को आए झटकों से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें कई लोगों के घायल होने की खबरें हैं। जिला प्रशासन जिले में क्षतिग्रस्त होने वाले मकानों व घायल होने वाले लोगों की गिनती कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने आईएएनस से इंफाल में कहा कि भूकंप के कारण किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि सुदूरवर्ती पहाड़ी या ग्रामीण इलाकों में किसी के घायल होने की खबर पर चिकित्सा दल, चिकित्सा आपूर्ति व उपकरणों को तैयार रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493