नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को शुरू हुई सम-विषम यातायात योजना के दूसरे चरण की प्रारंभिक प्रतिक्रिया पर संतोष जाहिर किया।
राष्ट्रीय राजधानी में सम-विषम यातायात योजना का दूसरा चरण शुक्रवार से शुरू हुआ, और इसका लक्ष्य प्रदूषण घटाना है।
गोपाल राय ने महिलाओं से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वे बच्चों को खुद स्कूल छोड़ने व लेने जाएं।
राय ने शुक्रवार को कार्यालय जाने के लिए बुराड़ी के विधायक संजीव झा और महरौली के विधायक नरेश यादव के साथ विषम संख्या की कार साझा की।
उन्होंने कहा, “मैं उन लोगों से भी अनुरोध करता हूं कि जो बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने जा रहे हैं, वे पड़ोसी के बच्चों को भी अपने साथ ले जाएं।”
राम नवमी के अवसर पर परिवहन मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं से उम्मीद की जाती है कि वे विषम संख्या की कारें साझा करेंगे।
राय ने आईएएनएस से कहा, “हम किसी भी धार्मिक जुलूस में हस्तक्षेप करना नहीं चाहते। इसके चलते श्रद्धालुओं को विषम संख्या के वाहन इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।”
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर सम-विषम योजना इस महीने सफल साबित होती है तो इसे हर महीने लागू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “पहला चरण सर्दियों में था और अब गर्मी है, हमें दोनों मौसमों का अनुभव हो रहा है। इसलिए, इसी प्रतिक्रिया के आधार पर सरकार हर महीने सम-विषम योजना पर विचार कर सकती है।”
dharmpath.com dharmpath