सम-विषम : कहीं सुचारू यातायात तो कहीं परेशानी (राउंडअप)

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली में सम-विषम परिवहन योजना के दूसरे चरण में सोमवार को पहला कार्यदिवस था और सरकार ने इसे सफल करार दिया है वहीं भाजपा सांसद विजय गोयल ने इसका विरोध किया और इस पर खर्च को गैरजरूरी करार दिया। दिल्लीवासियों की इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया रही। शहर में कई जगह यातायात सुचारू रहा तो कुछ जगह जाम की भी स्थिति रही।

प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए शुरू की गई इस योजना में डीजल और पेट्रोल से चलने वाली मुख्यत: कार सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे सड़कों से सामान्यतया दूर ही रहीं।

दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण की सम-विषम योजना का दूसरा चरण सोमवार को सफल रहा है। उन्होंने योजना का उल्लंघन करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विजय गोयल की निंदा की।

विजय गोयल पर दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को 15 दिवसीय सम-विषम यातायात फॉर्मूला का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया।

एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि गोयल अशोका रोड स्थित अपने आवास से जैसे ही कार लेकर मुख्य सड़क पर पहुंचे उन पर जुर्माना लगा दिया गया।

इससे पूर्व, सुबह में दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने राज्यसभा सदस्यों से मुलाकात की और उनसे इसका विरोध न करने का अनुरोध किया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोयल ने सम-विषम योजना को दिल्ली सरकार का विज्ञापनों पर ‘फिजूल खर्च’ बताया था और इसका उल्लंघन करने की चेतावनी दी थी।

ऑड-ईवन फॉर्मूला 15 अप्रैल से शुरू हो गया है और 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। इसका उद्देश्य शहर के प्रदूषण स्तर पर नकेल कसना है।

दिल्ली सरकार यह फॉर्मूला दूसरी बार अमल में लाई है।

इससे पहले शुक्रवार को सम-विषम योजना के तहत नियमों के उल्लंघन के लिए 1,714 चालान काटे गए थे। यह योजना रविवार को लागू नहीं होती।

पुलिस ने कहा कि पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक 36 चालान कटे। इसके बाद दक्षिणी दिल्ली में 29 चालान, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली में 28 चालान, मध्य दिल्ली में 23 चालान, उत्तरी दिल्ली 22 चालान और नई दिल्ली में 14 चालान काटे गए।

प्रत्यके उल्लंघन करने वालों पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

सम-विषम योजना का पहला चरण एक जनवरी से 15 जनवरी के लिए आयोजित किया गया था। इसका दूसरा चरण 15 अप्रैल से शुरू हो गया है, जो 30 अप्रैल तक चलेगा।

गोपाल राय ने शहर में बस की सवारी करने के बाद मीडिया से कहा, “हमें जो भी खबर मिल रही है, उससे पता चलता है कि दिल्ली की जनता ने योजना (दूसरे चरण) को स्वेच्छा से स्वीकार किया है।”

उन्होंने कहा कि केवल कुछ स्थानों को छोड़ कर हर जगह सब कुछ संतोषजनक है।

राय ने कहा कि गोयल द्वारा सम-विषम योजना का जानबूझ कर उल्लंघन योजना को विफल करने की भाजपा की चाल प्रतीत हो रही है।

राय ने कहा, “मैं हैरान हूं कि भाजपा सम-विषम योजना को असफल क्यों करना चाहती है?”

परिवहन मंत्री ने कहा कि पुलिस ने केवल सम-विषम योजना के उल्लंघन के लिए ही नहीं, बल्कि लाइसेंस और बीमे के कागजात के बिना कार चलाने के लिए भी गोयल का चालान काटा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493