नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर इशरत जहां कथित फर्जी मुठभेड़ मामले की सुनवाई रोककर न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया। यह मामला अहमदाबाद की अदालत में लंबित है।
पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यहां जारी एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बेशर्मी के साथ देश को गुमराह कर रहे हैं। साथ ही वे इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले के अभियुक्तों की सुनवाई रोककर न्यायिक प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं।”
मोदी सरकार कुछ चुनिंदा खबरें लीक होने और अपने मंत्रियों के भ्रामक बयान का इस्तेमाल कर रही है और अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा चलाने की स्वीकृति नहीं दे रही है। इसका मकसद है कि गलत मुकदमा चले और आसानी से वश में किए जा सकने वाली जांच एजेंसियों के जरिए दोबारा जांच सुनिश्चित हो सके।
सुरजेवाला ने जोर देकर यह भी कहा कि मोदी और शाह को 125 करोड़ भारतीयों को यह भी बताने की जरूरत है कि इशरत जांच मामले की सुनवाई बंद करने की बेचैनी के पीछे असली मकसद क्या है?
उन्होंने कहा, “ऐसा क्या है जिसे मोदी और शाह छुपाना चाहते हैं और जिससे वे डरे हुए हैं? उन्हें इस चीज को देश के समक्ष रखने की जरूरत है। मोदी सरकार इस मामले की सच्चाई को छुपाने के लिए स्पष्ट रूप से झूठ पर भरोसा कर रही है।”
कांग्रेस ने, गुजरात उच्च न्यायालय की सहमति से सीबीआई द्वारा दायर आरोप पत्र को जानबूझकर छुपाने का आरोप लगाया।
सुरजेवाला ने कहा, “मोदी सरकार ने जानबूझकर यह कहने से चूक किया कि गुजरात उच्च न्यायालय की खंडपीठ के निर्देश पर इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले में भारतीय दंड संहिता के तहत एक हत्या एवं अन्य अपराध का मामला दर्ज है।”
उन्होंने दोनों पर अदालत में बहस की भाषा की आड़ में गलत ढंग से तथ्य छुपाने का आरोप लगाया, ताकि यह सुनिश्चित हो कि कोई मुकदमा नहीं चल सके और सच्चाई सामने नहीं आ पाए।
dharmpath.com dharmpath