भोपाल, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर राजधानी भोपाल के जिला प्रशासन ने गुरुवार को 21 अप्रैल से जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला प्रशासन ने बुधवार को एक आदेश जारी कर गुरुवार से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया है। इस आदेश में स्कूल प्रबंधकों से कहा गया है कि वे सभी अभिभावकों को आवश्यक रूप से अवकाश घोषित किए जाने की सूचना दें।
गौरतलब है कि लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए पूर्व में दिन में एक बजे तक स्कूल खुले रखने के निर्देश जारी किए गए थे। गर्मी के कारण स्कूली बच्चों को गर्मी की बीमारियों का खतरा बना रहता था। इसके चलते अभिभावकों ने भी जिला प्रशासन से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने का अनुरोध किया था।
राज्य में वैसे भी एक मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश होने वाला था, लेकिन प्रशासन ने बढ़ती गर्मी से होने वाली परेशानी के मद्देनजर 21 अप्रैल से ही ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
dharmpath.com dharmpath