पश्चिम बंगाल चुनाव में हिंसा, 1 कार्यकर्ता की मौत

कोलकाता, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में गुरुवार को देसी बम के हमले में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि यह घटना ढोमकल में हुई, जहां पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत मतदान हो रहा है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “तहिदुल इस्लाम (30) की मौत हो गई। वह एक मतदान एजेंट बताए गए हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा जान पड़ता है कि उनके ऊपर देसी बम फेंका गया। हम सभी तथ्यों की जांच कर रहे हैं।”

माकपा नेता अनिसुर रहमान ने इस हत्या के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है, हालांकि तृणमूल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

ढोमकल से चुनाव लड़ रहे रहमान ने आरोप लगाते हुए कहा, “तृणमूल हार के डर से हिंसक गतिविधियों में संलिप्त हो रही है और इस्लाम की मौत इसी का नतीजा है। वह तृणमूल के गुंड़ों को मतदान केंद्र के अंदर जाने से रोक रहे थे, इसलिए उन्होंने उन्हें मार दिया।”

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के ढोमकल से उम्मीदवार सौमिक हुसैन ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि यह माकपा व कांग्रेस के बीच के संघर्ष का नतीजा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493