जम्मू/श्रीनगर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के अन्य हिस्सों में जहां गर्मी से बुरा हाल है, वहीं कश्मीर में 20 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है और मौसम खुशनुमा बना हुआ है।
घाटी के कई इलाकों में लोगों ने अभी गर्मी के कपड़े पहनना नहीं शुरू किया है, जबकि सुबह और शाम की सर्दी से निपटने के लिए उनकी पसंद अब भी परंपरागत परिधान ‘फेरन’ हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा, “श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो समान्य से तीन डिग्री नीचे था। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।”
अधिकारी ने बताया, “गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री और पहलगाम में 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।”
अधिकारी ने आगे कहा, “लद्दाख के लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे और कारगिल में 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।”
जम्मू शहर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री नीचे था। रविवार को शहर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू क्षेत्र के अन्य इलाकों, माता वैष्णो देवी धाम के कटरा कस्बे में सोमवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री, बटोत में 9.8 डिग्री, बनिहाल में 7.5 डिग्री, भदरवाह में 6.3 डिग्री और उधमपुर में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में जम्मू एवं कश्मीर में हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है और कुछ इलाकों में बिजली भी कड़क सकती है। घाटी में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
dharmpath.com dharmpath