कोलकाता, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत सोमवार को दो जिलों- हावड़ा और उत्तर 24 परगना के 49 विधानसभा क्षेत्रों में जारी मतदान के शुरुआती छह घंटों में लगभग 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर एक बजे तक कुल 52.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उत्तर 24 परगना जिले में 52.12 प्रतिशत और हावड़ा जिले में 52.43 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई और यह शाम छह बजे तक चलेगी।
चुनाव आयोग ने जहां मतदान के शांतिपूर्ण होने की बात कही है है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने कुछ मतदान केंद्रों पर धांधली के आरोप लगाए हैं।
हावड़ा उत्तर से चुनाव लड़ रहीं भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली ने एक मतदान केंद्र पर मतदान प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाया। उन्हें कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का विरोध भी झेलने की बात भी कही।
रूपा गांगुली ने कहा, “मुझे सुबह से हमारे मतदाताओं को डराने-धमकाने और मतदान केद्रों पर तैनात हमारे मतदान एजेंटों के साथ उत्पीड़न की खबरें मिल रही हैं। तृणमूल कांग्रेस द्वारा बड़े पैमाने पर बूथ कैप्चरिंग और बोगस वोटिंग की जा रही है।”
वहीं, इस विधानसभा क्षेत्र से रूपा के प्रतिद्वंद्वी और तृणमूल उम्मीदवार पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान की बात कही।
उन्होंने गांगुली पर मतदाताओं को प्रभावित करने और मतदान प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस संदर्भ में रूपा गांगुली के खिलाफ ईसी में शिकायत भी दर्ज कराई है कि वह जबरन मतदान केंद्रों पर घुसीं और अपने मोबाइल के कैमरा से तस्वीरें खींची।
चुनाव आयोग ने रूपा गांगुली की गतिविधियों के बारे में हावड़ा जिले के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
तृणमूल के कार्यकर्ताओं द्वारा माकपा नेता तन्मय भट्टाचार्य (उत्तरी दम दम) की कार पर पत्थर फेंकने की घटना से उन्हें चोट लगने की सूचना है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भट्टाचार्य की शिकायत पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
निर्दलीय उम्मीदवार प्रतिमा दत्ता (पर्यावरण कार्यकर्ता तपन दत्ता की पत्नी, तपन की हत्या कर दी गई थी) का आरोप है कि हावड़ा के दोमजुर विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर उनके मतदान एजेंटों को अंदर नहीं घुसने दिया गया।
बेल्घेरिया के जतिन दास नगर के मतदान केंद्र पर बम हमले की भी सूचना है।
चौथे चरण के तहत जिन 49 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं, उनमें से 33 उत्तर 24 परगना जिले में और शेष 16 हावड़ा जिले में हैं।
चौथे चरण के तहत 12,481 मतदान केंद्रों पर 1.08 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पंजीकृत हैं। इस चरण में 345 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें से 40 महिलाएं हैं।
निर्वाचन आयोग इस चरण के लिए 14,353 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और 680 वोटर वेरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) मशीन का इस्तेमाल कर रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से केंद्रीय बलों की 672 कंपनियों और 23,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही दोनों जिले में पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनावों के लिए आवश्यक बंदोबस्त किए गए हैं।
वर्ष 2011 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने इन 49 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को दो सीटें मिली थी। वामपंथी मोर्चे में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को तीन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को एक सीट मिली थी।
तृणमूल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों को उतारा है। वामपंथी मोर्चे के घटक और कांग्रेस 46 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि जनता दल (युनाइटेड) एक सीट पर और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
उत्तर 24 परगना की खारदा सीट से एक बार फिर दो अर्थशास्त्री आमने-सामने हैं। तृणमूल सरकार में वित्त, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमित मित्रा और माकपा के असीम दासगुप्ता इस सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं।
dharmpath.com dharmpath