पटना, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद ) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बिहार सरकार में शामिल राजद कोटे के मंत्रियों की सोमवार को एक बैठक बुलाई, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘सात निश्चयों’ पर चर्चा की गई।
राजद के एक नेता के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास पर बुलाई गई। बैठक में राज्य में पेयजल संकट और बढ़ती आग लगने की घटनाओं सहित मुख्यमंत्री के सात निश्चयों पर चर्चा की गई।
बैठक से निकलने के बाद मंत्री अब्दुल गफूर ने बताया कि जनता की समस्यायों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राजद कोटे के मंत्री मुनेश्वर चौधरी, आलोक मेहता, विजय प्रकाश समेत कई मंत्रियों ने भाग लिया।
भाग लेने वाले मंत्रियों ने इसे सामान्य बैठक बताया। गफूर ने कहा कि सरकार ने सात निश्चय तय किए हैं, इसमें बढ़ोतरी की संभावना है। आम आदमी के हित के लिए सरकार कोई भी निणर्य ले सकती है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो राजद अध्यक्ष सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए उन्होंने स्वयं ही मोर्चा संभालने का फैसला लिया है।
गौरतलब है कि रविवार को लालू ने राज्य में पेयजल संकट के मद्देनजर सरकार को राज्य में कुआं और तालाब खुदवाने की नसीहत दी थी।
उल्लेखनीय है कि बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में राजद के साथ जद (यू) और कांग्रेस भी शामिल है।
dharmpath.com dharmpath