बिहार : विधायक पर मारपीट का आरोप, मामला दर्ज

भागलपुर, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के गोपालपुर क्षेत्र के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विधायक मंडल पर एक वाहन चालक ने लाठी-डंडे से पिटाई करने का आरोप लगाया है। इस मामले में चालक ने बरारी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, कटहलबाड़ी गांव निवासी रामचंद्र कुमार वैन चलाने का काम करता है। आरोप है कि मंगलवार शाम सड़क जाम रहने के कारण रामचंद्र अपनी गाड़ी बरारी हाई स्कूल के पास सड़क के किनारे खड़ी कर दी थी।

इसी दौरान विधायक गोपाल मंडल वहां से गुजर रहे थे। रास्ते में जाम के कारण विधायक भड़क उठे और अपने अंगरक्षकों के साथ रामचंद्र की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायल चालक को इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बरारी के थाना प्रभारी के.क़े अकेला ने बुधवार को बताया कि घायल चालक के बयान पर बरारी थाने में विधायक गोपाल मंडल और उनके दो अंगरक्षकों के खिलाफ मारपीट की एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि जनता दल (युनाइटेड) मंडल को विवादित बयानों के कारण पहले ही पार्टी से निलंबित कर चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493