बिहार : नकाबपोश लुटेरों ने बैंक से 50 लाख रुपये लूटे

मुजफ्फरपुर, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के एक बैंक से अज्ञात हथियारबंद नकाबपोश लुटेरों ने करीब 50 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, काजी मोहम्मदपुर के माड़ीपुर के पास स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में बुधवार अपराह्न करीब दो बजे छह-सात की संख्या में नकाबपोश घुस आए और बैंक में तैनात एकमात्र सुरक्षा गार्ड पर हमला बोल दिया।

इसके बाद हथियार के बल पर बैंक के सभी कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया और बैंक से करीब 50 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लूटेरे लूटे गए रुपयों को दो बड़े सूटकेस में रखकर ले गए। लुटेरों ने बैंक में लगे सायरन के तार को काट दिया था।

घटना की सूचना मिलने के बाद, पुलिस के आला अधिकारियों ने बैंक पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। तिरहुत क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पारसनाथ भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पारसनाथ ने पत्रकारों को बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है और पूरे जिले की सीमा को सील कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493