नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मंगोलिया ने गुरुवार को दो भारतीयों को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘नॉर्थ स्टार’ से सम्मानित किया। दोनों उस देश के विशेषज्ञ हैं।
मंगोलिया के विदेश मंत्री लुंगदेग पूरेवसूरेन ने इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशन (आईसीसीआर) के अध्यक्ष लोकेश चंद्रा और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईसीजीएनए) के पूर्व अकादमिक सलाहकार मंसुरा हैदर को मंगोलिया दूतावास में आयोजित समारोह में पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस मौके पर पूरेवसूरेन ने कहा कि भारत और मंगोलिया एशिया के दो सबसे पुराने देश हैं।
उन्होंने कहा, “भारत मंगोलिया का आध्यात्मिक पड़ोसी है।”
उन्होंने लोकेश चंद्रा के दिवंगत पिता प्रोफेसर रघु वीरा को याद किया। वीरा एक जाने माने विद्वान थे जो भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंधों के शुरू होने से पहले से ही मंगोलिया के छात्रों और शोधार्थियों को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और वैज्ञानिक संबंधों को पुनर्जीवित करने के लिए आमंत्रित करते थे।
विदेश मंत्री ने कहा, “उनके इन प्रयासों को उनके बेटे ने भी जारी रखा है जो आईसीसीआर के अध्यक्ष लोकेश शर्मा हैं। उन्होंने भारत में मंगोलियाई अध्ययन में काफी योगदान दिया है।”
भारत और मंगोलिया के बीच राजनयिक संबंधों के इस साल 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इस मौके पर लोकेश चंद्र ने कहा कि 13वीं सदी के विजेता चंगेज खान ने मंगोलियाई लोगों को पहचान दी है।
उन्होंने कहा, “उसने पूरब और पश्चिम को एक-दूसरे के लिए खोल दिया।”
“मेरे पिता 60 साल पहले मंगोलिया गए थे, क्योंकि वे इन एशियाई लोगों के बारे में जानना चाहते थे जिन्होंने यूरोप पर शासन किया।”
उन्होंने मंगोलियाई लोगों को एशियाई लोगों का गर्व बताते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने पहली बार संयुक्त राष्ट्र में उसके 15 वें सत्र में मंगोलिया की सदस्यता की वकालत की थी।
dharmpath.com dharmpath