नीतीश अगस्ता वेस्टलैंड सौदे पर क्यों चुप हैं : शाहनवाज

पटना, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अगस्ता वेस्टलैंड सौदे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आमतौर पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने वाले नीतीश आज वीवीआईपी हेलीकप्टर सौदे के मामले में क्यों चुप हैं।

पटना में गुरुवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए हुसैन ने कहा, “बोफोर्स कांड में आवाज बुलंद करने वाले नीतीश कुमार इस खुलासे पर चुप क्यों हैं?”

इतना ही नहीं, नीतीश पर कांग्रेस से रिश्ते कायम रखने पर भी सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि इटली की अदालत ने सोनिया गांधी पर उंगली उठाई है। ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्या कांग्रेस के साथ रिश्ते अब भी कायम रखेंगे?

उन्होंने कहा कि दर्जनों घोटाले करने वाली कांग्रेस अगस्ता वेस्लैंड घोटाले पर बच नहीं सकती।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने बिहार में शराबबंदी का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में शराबबंदी की मांग भाजपा ने की थी। उन्होंने कहा कि जब बिहार में भाजपा सरकार में थी और नीतीश कुमार गांव-गांव शराब की दुकान खोल रहे थे, तब भी भाजपा ने इसका विरोध किया था।

उन्होंने कहा, “शराबमुक्त बिहार का हम स्वागत करते हैं लेकिन भाजपा नशामुक्त व्यापार चाहती है। यहां गुटखा भी प्रतिबंधित है परंतु वह यहां मिलता है। नशे के सभी सामानों पर प्रतिबंध लगना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि बिहार मंडल राज तभी बनेगा जब बिहार भयमुक्त हो, बेरोजगारी मुक्त हो और नशामुक्त हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493