शिलांग, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। मेघालय के निर्दलीय विधायक राफुल एस. माराक ने गुरुवार नाटकीय ढंग से अपने पहले के रुख से पलटते हुए कहा कि वह तुरा लोकसभा सीट से उपचुनाव नहीं लड़ेंगे। वहां 16 मई को मतदान होना है।
मंगलवार की रात उपचुनाव लड़ने के लिए माराक ने लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष पूर्णो अगितोक संगमा के निधन से खाली हुई इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए संसदीय सचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। संगमा का चार मार्च को निधन हो गया था।
माराक ने आईएएनएस को टेलीफोन पर बताया कि उनके परिवार के सदस्यों सहित बहुत सारे लोगों ने जब उपचुनाव नहीं लड़ने की सलाह दी तो उन्होंने उपचुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया। ईस्ट गारो हिल्स जिला के मुख्यालय विलियमनगर से टेलीफोन पर उन्होंने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वह उपचुनाव में मुख्यमंत्री मुकुल संगमा की पत्नी और कांग्रेस की उम्मीदवार दिक्कांची डी. शिरा को समर्थन देंगे।
मुझे दिक्कांची का समर्थन करने और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाने को कहा गया है।
यह पूछने पर कि क्या वह संसदीय सचिव पद से दिया गया अपना इस्तीफा वापस लेंगे? इसके जवाब में माराक ने कहा, “मैंने इस्तीफा मुख्यमंत्री को सौंपा है लेकिन अभी स्वीकार नहीं हुआ है। इसलिए मैं अब भी संसदीय सचिव हूं।”
माराक ने कहा था कि वह कांग्रेस सरकार से निराश होकर संसदीय सचिव पद छोड़ रहे हैं।
बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी शिरा और एनपीपी उम्मीदवार और पी.ए. संगमा के सबसे छोटे पुत्र कोनराड के. संगमा ने अपना नामांकन भरा था।
dharmpath.com dharmpath