पंजाब के बदमाश की हिमाचल में गोली मारकर हत्या

परवाणू (हिमाचल प्रदेश), 30 अप्रैल (आईएएनएस)। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके पंजाब के एक बदमाश की शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने यहां गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, जसविंदर सिंह उर्फ रॉकी (करीब 40) अपने एक दोस्त के साछ छुट्टियां मनाकर शिमला से चंडीगढ़ लौट रहा था, और उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसकी टोयोटा फॉर्च्यूनर को रोक लिया और उस पर तथा उसके कार चालक पर अंधाधुंध गोलिया बरसाईं।

रॉकी को अपनी कार से बाहर आने का मौका ही नहीं मिला और उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके कार चालक को चंडीगढ़ में गंभीर हालत में पीजीआईएमईआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक जहूर एच. जैदी ने शिमला में संवाददाताओं से कहा कि रॉकी पर हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि हमलावरों की संख्या संभवत: चार थी, और वे दो वाहनों पर सवार होकर आए थे। दो हमलावर एक कार में थे, और बाकी एक मोटरसाइकिल पर थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “कार में आए दोनों हमलावरों ने रॉकी पर गोलीबारी की, जबकि अन्य ने खाली कारतूस बीन लिए।”

पुलिस के अनुसार, रॉकी इसके पहले मारे जा चुके बदमाश प्रभजिंदर सिंह डिम्पी का सहयोगी था। रॉकी ने 2012 में फजिलका से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गया था। उसे 30,000 वोट मिले थे।

रॉकी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है और उस पर 2006 में चंडीगढ़ में डिम्पी की हत्या में शामिल होने का आरोप भी है। हालांकि, 2014 में उसे इस मामले से बरी कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493