नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी.नड्डा की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने केरल में कानून की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर निर्वाचन आयोग से मुलाकात की और वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई।
केरल में 16 मई को विधानसभा चुनाव होना है।
केरल में पार्टी के चुनाव प्रभारी नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, “हमने कानून की छात्रा से दुष्कर्म व हत्या का मामला उठाया। यह मामला साल 2012 के निर्भया मामले से भी भयावह है।”
उन्होंने कहा कि मामले के संसद में उठने के बाद ही केरल पुलिस ने कार्रवाई की।
केरल में कानून-व्यवस्था के बिगड़ते हालात पर चिंता जताते हुए नड्डा ने राज्य में दलितों के प्रति कथित अत्याचार की ओर इशारा किया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक के तुरंत बाद नड्डा ने कहा, “हमने केरल में दलितों पर हो रहे अत्याचार से भी निर्वाचन आयोग को अवगत करा दिया है।”
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की है कि केरल में अर्धसैनिक बल तैनात किए जाएं और विधानसभा चुनाव उनकी निगरानी में हो।
प्रतिनिधिमंडल में नड्डा के साथ राजीव प्रताप रूडी, मीनाक्षी लेखी तथा अनुराग ठाकुर थे।
dharmpath.com dharmpath