ब्राजील में खतरा, ओलंपिक देखने रियो न आएं विदेशी : रिवाल्डो

रियो डी जेनेरियो, 9 मई (आईएएनएस)। फुटबाल से संन्यास ले चुके ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी रिवाल्डो ने ब्राजील में हो रही हिंसा और अन्य समस्याओं के कारण विदेशियों को इस साल होने वाले रियो ओलम्पिक खेल से दूर रहने की सलाह दी है।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, रिवाल्डो ने इंस्टाग्राम पर जारी एक संदेश में यह सुझाव दिया है।

रिवाल्डो ने कहा, ” ओलम्पिक खेल देखने के लिए ब्राजील आने की तैयारी कर रहे सभी लोगों को मैं यह सुझाव देना चाहता हूं कि आप अपने देश में ही रहें। यहां आपकी जान को खतरा है।”

रिवाल्डो ने रियो के मुख्य मार्ग लीनिया अमारिला पर शनिवार को लूटपाट के दौरान 17 वर्षीय लड़की की हत्या का जिक्र करते हुए यह बात कही। यह मार्ग रियो अंतर्राष्ट्रीयहवाई अड्डे को अधिकांश ओलम्पिक खेल स्थलों से जोड़ता है।

शनिवार रात को अवेंदिया ब्रासिल चौराहे पर अपराधियों और पुलिस के बीच गोलीबारी भी हुई। एक संदिग्ध अपराधी मारा गया। गोलीबारी की चपेट में आकर चार लोग घायल हो गए। यह चौराहा हवाईअड्डे को रियो डी जेनेरियो से जोड़ता है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, रियो डी जेनेरियो में करीब 60 लाख लोग रहते हैं और 2015 में यहां हत्या के 1,202 मामले दर्ज किए गए थे।

रिवाल्डो ने रियो डी जेनेरियो में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा संबंधी परेशानियों का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक अस्पतालों में ब्राजील के लोगों और पर्यटकों के इलाज के लिए पर्याप्त संसाधनों नहीं हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493