नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। अगस्तावेस्टलैंड मामले को लेकर हुए हंगामे के कारण सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही दो बार बाधित हुई। कांग्रेस ने प्रधनमंत्री पर झूठ बोलने और इस मामले को एक चुनावी मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।
थोड़ी देर बाद जब उच्च सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो सदन में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने केरल में मोदी की चुनावी रैली से संबंधित समाचार पत्र की रपट का उल्लेख किया और कहा कि सरकार कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए अगस्ता सौदे का इस्तेमाल कर रही है।
आजाद ने कहा, “हमने संसद के दोनों सदनों में अगस्तावेस्टलैंड मुद्दे पर बहस की। दोनों में से किसी सदन में किसी सदस्य ने यह नहीं कहा कि संप्रग के नेताओं ने पैसे लिए। न तो इतालवी अदालत ने ही कहा है कि संप्रग के नेताओं ने पैसे लिए थे।”
आजाद ने कहा, “हमने शुरू से ही कहा है कि उद्देश्य (हो हल्ला के पीछे) सदन के अंदर बहस करना नहीं है, यह तो सदन के बाहर इस्तेमाल करने के लिए है और चुनाव के दौरान कांग्रेस नेतृत्व की छवि खराब करने के लिए है। इसी तरह 80 के दशक में बोफोर्स के साथ हुआ था।”
अजाद ने कहा कि यह मुद्दा इसलिए उठाया जा रहा है, क्योंकि इसे चुनव में कांग्रेस के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने समाचार पत्र की रपट को पढ़ा, जिसमें मोदी ने एक चुनावी रैली में कहा था कि हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए संप्रग के नेता ने पैसे लिए थे।
आजाद ने कहा, “संसद के किसी सदन में प्रधानमंत्री क्यों नहीं बोलते हैं? जब यह तय किया गया था कि कार्रवाई होनी चाहिए तो वे इसे चुनावी मुद्दा क्यों बना रहे हैं?”
आजाद ने कहा, “केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) प्रधानमंत्री के अधीन है। अगर वह इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं तो वह भी प्रभावित होगी।”
सरकार का पक्ष दोहराते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्ता अब्बास नकवी ने कहा कि अगस्तावेस्टलैंड मामले में दोषी दंडित होंगे।
नकवी ने कहा, “जिन्होंने रिश्वत दी है, वे जेल में हैं, जिन्होंने रिश्वत ली है, वे बहुत शीघ्र जेल में होंगे।”
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने प्रधनमंत्री से सदन में स्पष्टीकरण देने की मांग की।
कांग्रेस के सदस्य टोली बनाकर सभापति के आसन के निकट इकट्ठे हो गए और प्रधानमंत्री को झूठा बताते हुए नारे लगाने लगे।
हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही थोड़ी देर के लिए बाधित हुई।
जब सदन की कार्यवाही पुन: शुरू हुई तो उपसभापति पी.जे.कुरियन ने कहा कि जो कुछ बाहर कहा गया है, उस पर आसन संज्ञान नहीं ले सकता है।
इस पर आनंद शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री ने अपने रक्षामंत्री का खंडन किया है। वह पहले ही निर्णय कर रहे हैं।”
कांग्रेस के सदस्य पुन: सभापति के आसन के निकट एकत्रित हो गए, जिससे सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करने को बाध्य होना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath