देहरादून, 9 मई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के बर्खास्त मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को विश्वास जताया कि उन्हें मंगलवार को विधानसभा में विश्वासमत हासिल हो जाएगा।
नौ बागी कांग्रेस विधायकों की अर्जी सर्वोच्च न्यायालय में खारिज हो जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में रावत ने कहा, “हमने जिन 34 विधायकों की परेड राज्यपाल के सामने कराई थी, वे सभी अभी भी हमारे साथ हैं।”
उन्होंने कहा, “अब भाजपा को सोचना है कि वह बहुमत साबित करने के लिए छह विधायक कहां से लाएगी। भाजपा सिर्फ खरीद-फरोख्त कर बहुमत साबित कर सकती है।”
हरीश ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी अलोकतांत्रिक और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ रही है। ये ताकतें एक निर्वाचित सरकार को बलपूर्वक असंवैधानिक तरीके से गिराने के प्रयास में हैं।
रावत ने भाजपा से अपील की कि वह इसे प्रतिष्ठा का सवाल न बनाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और उनकी पार्टी के सदस्यों से अनुरोध किया कि वे एक नई शुरुआत कर अपनी भूल को सुधारें।
dharmpath.com dharmpath