नई दिल्ली/हैदराबाद, 10 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने मंलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य में सूखे से निपटने के लिए केंद्र सरकार से सहायता मांगी।
नई दिल्ली में डेढ़ घंटे तक चली बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कहा कि राज्य ने केंद्र सरकार से सूखा राहत उपाय के तहत 3,064 करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी, लेकिन केंद्र ने अब तक 712 करोड़ रुपये ही जारी किए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री से बाकी की राशि तत्काल जारी करने का आग्रह किया, ताकि प्रभावित इलाकों में राहत कार्य चलाए जा सकें।
उन्होंने सूखे के हालात से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए दीर्घकालिक व तात्कालिक उपायों को रेखांकित किया तथा दोनों के लिए केंद्र से सहायता मांगी।
हैदराबाद स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, केसीआर ने मोदी से कहा कि राज्य ने पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित किया, छात्रों को मिड डे मिल की सुविधा दी, किसानों को सब्सिडी तथा मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की।
केसीआर ने कहा कि राज्य में 14 फीसदी कम बारिश हुई। सात जिलों के कुल 231 मंडलों को सूखा प्रभावित घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 13.52 हेक्टेयर भूमि में लगी फसलें तथा 23,700 हेक्टेयर से अधिक भूमि में लगी फलों की फसलें बर्बाद हो गईं। इससे कम से कम 21.78 लाख किसान प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कहा कि सूखा तथा अनियमित बारिश से निपटने के लिए राज्य सरकार ने मिशन ककातिया तथा मिशन भगीरथ चलाया है।
मिशन ककातिया के तहत 46,000 टैंकों में पानी को संरक्षित किया जाएगा, वहीं मिशन भगीरथ का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पाइपलाइन के सहारे पेयजल मुहैया कराना है।
केसीआर ने कहा कि राज्य गोदावरी तथा कृष्णा नदी पर अपने हिस्से के पानी के इस्तेमाल के लिए सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को पानी मुहैया कराने के लिए जलाशय व बैराजों का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के तहत पिछड़े इलाकों के विकास के लिए तेलंगाना को केवल पहली किश्त की ही रकम मिली है। उन्होंने बाकी राशि को जारी करने की मांग की, ताकि उनका इस्तेमाल ककातिया तथा मिशन भगीरथ के लिए किया जा सके।
केसीआर के साथ बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह तथा शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे। वहीं केसीआर के साथ मुख्य सचिव राजीव शर्मा तथा राजस्व सचिव बी.आर.मीना शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath