उज्जैन, 10 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ कुंभ के दौरान नजदीकी ग्राम निनोरा में 12 से 14 मई तक तीन-दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय विचार महाकुंभ होने जा रहा है। इस विचार कुंभ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेंगे। इस आयोजन में कई देशों के राजनयिक भी हिस्सा ले रहे हैं ।
आधिकारिक तौर पर विचार महाकुंभ के जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 मई को उद्घाटन सत्र में सुबह 10 से 12 बजे तक आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रणब पण्ड्या का उद्बोधन होगा। इसके अलावा तीन सत्र होंगे। ‘स्वच्छता सरिता कुंभ’ में चिदानंद मुनि, केन्द्रीय जल-संसाधन मंत्री उमा भारती, प्रो़ जाय ओ़ कीफे-दक्षिण अफ्रीका और प्रो़ नकमुरा-जापान विचार व्यक्त करेंगे। इस सत्र की अध्यक्षता सांसद अनिल माधव दवे करेंगे।
विचार कुम्भ के दूसरे दिन ‘कृषि एवं कुटीर कुम्भ’ में योग गुरु स्वामी रामदेव, सुरेश जोशी, भैय्याजी जोशी, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वंदना शिवा, रेबेका-न्यूयार्क, मनीष कुमार और सुभाष पालेकर के प्रतिनिधि व्याख्यान देंगे। जया जेटली सत्र की अध्यक्षता करेंगी।
दूसरा सत्र ‘सतत विकास एवं जलवायु परिवर्तन’ में केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रकाश जावड़ेकर, दयानंद भार्गव और डा. डेविड फ्राले का उद्बोधन होगा। इस सत्र के अध्यक्ष सुभाष काक होंगे। इसके अलावा भवदीप कांग की सद्गुरु जग्गी वासुदेवजी से चर्चा होगी।
इसी दिन ‘सम्यक जीवन’ विषय के सत्र में भिक्खुनी धम्मानंदा-थाईलेंड, स्टीफन नेप, रामदास लाम्ब, मिशेल क्रेमो और वेट्टे रोशर व्याख्यान देंगे। इस सत्र की अध्यक्षता वेन बनागला उपतिस्सा नायक थेरो करेंगे।एक अन्य सत्र ‘शक्ति कुम्भ’ में गीता गुंदे, स्वामिनी विमलानंद और निवेदिता भिड़े उद्बोधन देंगी। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा इस सत्र की अध्यक्षता करेंगी।
विचार कुम्भ के तीसरे दिन विशेष पूर्ण सत्र ‘सम्यक जीवन’ पर सम्पंथान नेता प्रतिपक्ष श्रीलंका, डी़ एऩ थुंगवेल मंत्री भूटान, खील राज रेग्मी नेपाल, साधन चंद्र मजूमदार सांसद बांग्लादेश, एस़ क़े देवगनी मलेशिया, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ रमन सिंह, मुख्यमंत्री राजस्थान वसुधंरा राजे सिंधिया, मुख्यमंत्री झारखंड रघुवर दास, मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री महाराष्ट्र देवेन्द्र फड़नवीस उद्बोधन देंगे। सत्र की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन करेंगी।
समापन सत्र में सिंहस्थ-2016 के सार्वभौम संदेश का विमोचन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में होगा। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना विशेष अतिथि होंगे। सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath