बिहार : एमएलसी मनोरमा देवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट (लीड-1)

गया, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया में 19 वर्षीय छात्र आदित्या सचदेवा हत्या मामले में आरोपी रॉकी यादव की गिरफ्तारी के बाद उसकी मां और विधान पार्षद मनोरमा देवी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एमएलसी के घर से शराब की बोतलें बरामद होने के बाद पुलिस ने मनोरमा देवी की गिरफ्तारी के प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं। उत्पाद विभाग ने एमएलसी के घर को बुधवार को सील कर दिया। इस बीच गया की अदालत ने पुलिस के आवेदन पर मनोरमा देवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।

गया के पुलिस अधीक्षक (नगर) अवकाश कुमार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि मनोरमा देवी के घर से शराब की बोतलें बरामद होने के मामले में बुधवार को उनका घर सील कर दिया गया है।

सोमवार रात रॉकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मनोरमा देवी के आवास पर छापा मारा था। इस दौरान पुलिस ने उनके घर से शराब की आठ बोतलें बरामद की थीं।

गौरतलब है कि बिहार में पांच अप्रैल से शराब बंदी है।

गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने बताया कि मनोरमा देवी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस बीच, मनोरमा देवी गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गई हैं।

गया के जिलाधिकारी रवि कुमार ने कहा है कि नई आबकारी नीति के तहत अगर मनोरमा देवी गुरुवार तक समर्पण नहीं करती हैं, तो सरकार शीघ्र ही मनोरमा देवी का घर नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू कर देगी।

इस बीच, गया व्यवहार न्यायालय ने पुलिस के आवेदन पर विचार करने के बाद छात्र हत्या मामले के मुख्य आरोपी रॉकी यादव को 48 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में दे दिया है। रामपुर के थाना प्रभारी गौरीशंकर गुप्ता ने अदालत से रॉकी को पांच दिन के लिए पुलिस हिरासत में देने की मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि जनता दल (युनाइटेड) ने मंगलवार को मनोरमा देवी को पार्टी से निलंबित कर दिया है।

शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर 19 वर्षीय आदित्य को गोली मार दी। गोली लगने से आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मंगलवार को रॉकी को बोधगया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

आदित्य हत्या मामले में रॉकी के पिता बिन्दी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493