पटना/मुंगेर, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर और नालंदा जिलों के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने छापेमारी कर 12 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने छह हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नालंदा जिला के गिरियक थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से कई हथियार बरमाद किए गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने निचली बाजार क्षेत्र में छोपमारी कर दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक देशी कारबाईन, दो देशी पिस्तौल, दो मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है।
गिरफ्तार लोगों में नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र निवासी धीरज कुमार और नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र संजय राम शामिल हैं।
उधर मुंगेर के पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरबसराय पुलिस चौकी के नजदीक से एक महिला समेत तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से नौ अवैध पिस्तौल, 18 गोली और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान मुंगेर जिले के बर्धा गांव निवासी मोहम्मद नसीम और मौली गांव निवासी सूरज तांती और नीलम देवी के रूप में की गई है।
भारती ने बताया कि ये तीनों हथियार तस्कर जब्त अवैध हथियारों और अग्नेयास्त्रों को पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के हावड़ा बेचने के लिए ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि नसीम जहां हथियार बनाने का काम करता था, वहीं सूरज और नीलम हथियार आपूर्ति किया करते थे।
उल्लेखनीय है कि मुंगेर अवैध हथियार बनाने और तस्करी के लिए चर्चित है।
dharmpath.com dharmpath