करण ने पानी बचाने के लिए रोकी शूटिंग

मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘ये है मोहब्बतें’ के एक शूटिंग सीक्वेंस में पानी की बर्बादी देखते हुए अभिनेता करण पटेल ने शूटिंग करने से इनकार कर दिया।

एक रोमांटिक ट्रैक की शूटिंग के दौरान कृत्रिम बारिश की आवश्यकता थी, जिसके लिए अधिक मात्रा में पानी का इस्तेमाल किया जाना था। करण ने अधिक मात्रा में पानी बर्बाद होते देख शूटिंग करने से मना कर दिया।

करण ने कहा, “मुझे लगता है कि पानी के संकट को देखते हुए हम इस सीन से बच सकते हैं। हमें अपने स्तर पर पानी को बचाने और संरक्षित करने की पूरी कोशिश करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह हमारा कर्तव्य है क्योंकि लोग हमारी तरफ आशा से देखते हैं। एक कलाकार होने के नाते हम इतना तो कर ही सकते हैं। इसलिए मैंने प्रोडक्शन हाउस से ऐसा सीन बनाने के लिए कहा, जिसमें पानी के इस्तेमाल से बचा जा सके।”

बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित ‘ये है मोहब्बतें’ में जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए सीन में थोड़ा बदलाव किया गया। इसके बाद करण ने शूटिंग में हिस्सा लिया।

‘ये है मोहब्बतें’ का प्रसारण टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर होता है। इसमें दिव्यांका त्रिपाठी और अनिता हस्सानंदनी भी प्रमुख भूमिका में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493