उज्जैन, 14 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मध्य प्रदेश की एक दिवसीय यात्रा पर हैं। वह उज्जैन में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय विचार कुंभ के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे और विश्व के नाम सिंहस्थ का सार्वभौम अमृत संदेश जारी करेंगे।
इस मौके पर श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना सहित पांच देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
आधिकारिक तौर पर जारी किए गए कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी शनिवार की सुबह दिल्ली से 10.30 बजे इंदौर आएंगे। प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 10.55 बजे भारतीय वायुसेना के हेलीकॅाप्टर से इंदौर विमानतल से निनौरा (उज्जैन) जाएंगे।
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निनौरा में अंतर्राष्ट्रीय विचार कुंभ के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे और विश्व के नाम सिंहस्थ का सार्वभौम अमृत संदेश जारी करेंगे। उसके बाद दोपहर 12.35 से 12.50 बजे तक विचार कुंभ स्थल पर अतिथियों से भेंट करेंगे।
प्रधानमंत्री दोपहर 1.05 बजे निनौरा (उज्जैन) से इंदौर के लिए रवाना होकर दोपहर 1.30 बजे इंदौर विमानतल आएंगे और वहां से दोपहर 1.35 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
उज्जैन के विचार महाकुंभ समापन मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। सत्र की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन करेंगी।
dharmpath.com dharmpath