लखनऊ, 14 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कैबिनेट कक्ष में शनिवार को एक जंगली जीव बिज्जू पाया गया। उसे देख अफरातफरी मच गई। हॉल में घुसे बिज्जू ने कैबिनेट मंत्री आजम खां की सीट पर लगे माइक के अलावा अन्य माइक के तार भी काट डाले।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम ने बिज्जू को पकड़ा। इस बीच मुख्यमंत्री के सचिव शंभू सिंह यादव भी वहां पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। करीब तीन फुट लंबे इस बिज्जू को चिड़ियाघर की टीम अपराह्न् साढ़े ग्यारह बजे लेकर चली गई।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा टीम सुबह करीब साढ़े आठ बजे रोज की तरह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही थी। साथ में सचिवालय की सुरक्षा टीम भी थी। सर्च टीम का स्निफर डॉग बार-बार कैबिनेट कक्ष की ओर जा रहा था। इस पर सभी लोग वहां पहुंचे। बिज्जू को देखकर टीम के सदस्य भाग निकले, पर स्निफर डॉग ने उसे दबोच लिया।
मुख्यमंत्री के सचिव शंभू सिंह यादव की पहल पर चिड़ियाघर से टीम आई और बिज्जू को अपने साथ ले गई।
इससे पहले भी कई बिज्जू एनेक्सी में पंचम तल पर पकड़े जा चुके हैं। कुछ समय पहले प्रमुख सचिव अनीता सिंह के निजी सचिव के कमरे में भी एक बिज्जू पकड़ा गया था।
dharmpath.com dharmpath