होशंगाबाद 14 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में अपनी पुश्तैनी जमीन की नाप-जोख कराने दिल्ली से आई अमेरिकी दूतावास की पूर्व कर्मी लीना शर्मा की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया। इस मामले में युवती के मामा सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की सुबह सोहागपुर थाना क्षेत्र के कामठी के जंगल में एक युवती का शव होने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि शव को जमीन में गाड़ा गया है। शव की शिनाख्त लीना शर्मा के तौर पर हुई। वह पिछले कई दिनों से लापता थी।
सोहागपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अर्जुन उइके ने आईएएनएस को बताया कि दिल्ली में रह रही लीना की पुश्तैनी जमीन सोहागपुर में है, उसी जमीन की नाप-जोख के लिए वह यहां आई थी, उसके बाद से ही वह लापता थी। पुलिस ने इस मामले में लीना के मामा प्रदीप शर्मा और उनके दो नौकर राजेश व गोरे लाल को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी दूतावास की पूर्व कर्मी लीना जब सोहागपुर जमीन की नापजोख करने गई थी, तभी उसकी हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया था। इतना ही नहीं, शव के साथ नमक व यूरिया भी डाला गया था, ताकि शव जल्द गल जाए। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
dharmpath.com dharmpath