तिरुवनंतपुरम, 15 मई (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग के एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को केरल में रिकार्ड मतदान होने की उम्मीद जताई है। अधिकारी ने 80 फीसदी तक मतदान होने की संभावना व्यक्त की है। आयोग ने पिछले दिनों मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए बड़ा अभियान चलाया था।
मीडिया से बातचीत में रविवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ई. के. माझी ने कहा कि इससे पहले के चुनावों में केरल में औसतन 75 फीसदी मतदान होता रहा है।
उन्होंने कहा, “इस बार आम जनता के बीच मतदान के महत्व का संदेश फैलाने के लिए हम लोगों के पास बहुत अधिक समय था। हर जिले में हम लोगों ने इसके लिए मुहिम चलाई और हमें लगता है कि इस बार हर बार से अधिक मतदाता वोट डालेंगे और इसके 80 फीसदी पहुंच जाने की उम्मीद है।”
राज्य में 109 महिलाओं समेत 1203 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
माझी ने कहा कि ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य में दो करोड़ 60 लाख 19 हजार 284 मतदाता हैं। इनमें 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 589 पुरुष और एक करोड़ 35 लाख आठ हजार 693 महिलाएं हैं। दो मतदाता तीसरे लिंग के हैं।
राज्य में 21498 नियमित और 148 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 1233 को जोखिम वाला माना गया है। इनमें 119 मतदान केंद्र वे भी हैं जो नक्सलियों के प्रभाव वाले क्षेत्र में हैं।
राज्य में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए 1 लाख 11 हजार 897 मतदान अधिकारी एवं 52 हजार से अधिक केरल पुलिस के अलावा केंद्रीय बलों की करीब 100 कंपनियां, उत्पाद विभाग के करीब 200 अधिकारी और 2027 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का गढ़ माने जाने वाले कन्नूर में चुनाव से जुड़े हिंसा के कई मामले देखे गए। जिले में 1042 जोखिम वाले मतदान केंद्र हैं, इसलिए सर्वाधिक केंद्रीय बल इसी जिले में तैनात हैं।
माझी ने कहा कि सभी जोखिम वाले मतदान केंद्रों पर वेब कैमरे लगे रहेंगे। इसके अलावा जहां यह संभव नहीं होगा, वहां स्थाई कैमरे काम करेंगे। हम लोगों ने चुनाव से जुड़ी पहले की घटनाओं को देखते हुए कई मतदान केंद्रों को जोखिम वाला घोषित किया है।
मौसम कार्यालय ने सोमवार को कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
dharmpath.com dharmpath