तिरुवनंतपुरम, 16 मई (आईएएनएस)। केरल की 14वीं विधानसभा के लिए सोमवार को सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान के पहले दो घंटे में 12 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
राज्य में 140 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।
एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अलापुझा जिले में सबसे अधिक 12.95 प्रतिशत वोट पड़े। इसके बाद मलाप्पुरम का स्थान रहा, जहां 12.71 प्रतिशत वोट डाले गए। राजधानी तिरुवंतपुरम में 8.12 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राज्य में 2,60,19,284 योग्य मतदाता हैं, जिनमें से 1,25,10,589 पुरुष तथा 1,35,08,693 महिलाएं हैं। दो मतदाता तृतीय लिंग के हैं।
राज्य में मतदान के लिए 21,498 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,233 संवेदनशील घोषित किए गए हैं, जबकि 119 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हैं।
इस चुनाव के लिए केरल में 1,203 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 109 महिलाएं हैं।
राज्य में बारिश और बदली छाए रहने के बावजूद मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है।
राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच है।
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धुआंधार प्रचार अभियान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath