शिलांग, 16 मई (आईएएनएस)। मेघालय में तुरा संसदीय सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के तहत सोमवार को जारी मतदान के पहले चार घंटे में 28 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
यहां मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया था, जो शाम चार बजे तक चलेगा।
इस उपचुनाव के लिए गारो हिल्स क्षेत्र के पांच जिलों में 945 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। खराब मौसम के बावजूद यहां मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिली।
यहां उपचुनाव पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पुर्नो ए. संगमा के चार मार्च को निधन के कारण कराए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी फ्रेडरिक खारकोंगोर ने आईएएनएस को बताया कि मतदान शांतिपूर्वक चल रहे हैं।
आठ वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं, जिन्हें जल्द ही दुरुस्त कर लिया गया।
संगमा के छोटे बेटे कोनराड के. संगमा नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दिक्कांची डी. शीरा से है, जो मुख्यमंत्री मुकुल संगमा की पत्नी हैं। शीरा 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा की सदस्य भी हैं।
कोनराड ने गोंडोग में अपना वोट डालने के बाद कहा, “मैं खुश हूं कि बड़ी संख्या में लोग लोकसभा के अपने नए प्रतिनिधि के चुनाव के लिए आ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि मतदाता मेरे दिवंगत पिता पुर्नो ए. संगमा को श्रद्धांजलि देते हुए मुझे अपने लोकसभा प्रतिनिधि के रूप में चुनेंगे।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा मेघायल की अन्य क्षेत्रीय पार्टियां यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी, गारो नेशनल काउंसिल, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी एनपीपी उम्मीदवार को समर्थन दे रही हैं।
केंद्र ने यहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 12 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात किया है।
दिवंगत पुर्नो संगमा ने 1977 से इस संसदीय क्षेत्र का नौ बार प्रतिनिधित्व किया। वह केवल 1989 और 2009 में यहां से चुनाव नहीं जीत पाए।
तुरा लोकसभा क्षेत्र में 6,22,189 मतदाता हैं, जिनमें से 3,15,255 पुरुष तथा 3,06,934 महिलाएं हैं।
dharmpath.com dharmpath