नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को कहा कि सरकार शराब कारोबारी विजय माल्या को देश में वापस लाने के लिए हर विकल्प आजमाएगी।
जेटली ने यहां ‘इंडियन वूमंस प्रेस कॉर्प्स (आईडब्ल्यूपीसी)’ में संवाददाताओं से कहा, “एजेंसी उपलब्ध विकल्पों के तहत हर संभव प्रयास करेगी।”
बैंकों का 9,400 करोड़ रुपये ऋण वापस नहीं करने के मामले में फंसे माल्या फिलहाल ब्रिटेन में रह रहे हैं। वह दो मार्च को अपने राजनयिक पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से निकल गए थे।
जेटली ने कहा कि ब्रिटेन की सरकार ने इस तर्क पर माल्या को देश से बाहर निकालने से (निर्वासित करने से) इंकार कर दिया है कि वह वैध दस्तावेजों के साथ ब्रिटेन पहुंचे थे और भारत सरकार द्वारा उनके पासपोर्ट रद्द करने के बाद भी उन्हें देश से बाहर नहीं निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा, “दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं -एक निर्वासन है, दूसरा प्रत्यर्पण है। ऐतिहासिक रूप से ब्रिटेन निर्वासन में कभी मदद नहीं करता है।”
भारत सरकार को अब प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करनी होगी और माल्या को वापस लाने के लिए उनके विरुद्ध अदालत में आरोप पत्र दाखिल करना होगा।
जेटली ने कहा, “ब्रिटेन आपसे अपने कानून के तहत प्रत्यर्पण प्रक्रिया अपनाने की उम्मीद करता है, जिसके मुताबिक अदालत में आरोप पत्र दाखिल करने के साथ ही आप कानूनी व्यवस्था के मुताबिक प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath