त्रिपुरा उच्च न्यायालय में नए न्यायाधीश की नियुक्ति

अगरतला, 16 मई (आईएएनएस)। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तिनलियानथांग वैफेई को सोमवार को त्रिपुरा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई।

एक न्यायिक अधिकारी ने कहा कि केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय भारत के मुख्य न्यायाधीश की सहमति के बाद इस हफ्ते एक औपचारिक अधिसूचना जारी करेगा, जिसके बाद न्यायमूर्ति वैफेई (60) संभवत: त्रिपुरा उच्च न्यायालय के प्रभारी मुख्य न्यायाधीश होंगे।

त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत राय ने राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में न्यायमूर्ति वैफेई को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री माणिक सरकार, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न दलों के नेता एवं शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।

न्यायमूर्ति वैफेई ने 1980 में मणिपुर में वकालत शुरू की थी। वह जुलाई 2003 में गुवाहाटी उच्च न्यायालय में दीपक कुमार गुप्ता की जगह अतिरिक्त न्यायाधीश बनाए गए थे। गुप्ता तब छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए थे।

त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय में वर्ष 2013 में अलग उच्च न्यायालय बना। पहले ये तीनों राज्य गुवाहाटी उच्च न्यायालय के अधिकार क्षेत्र में आते थे। पहले पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के लिए गुवाहाटी उच्च न्यायालय ही था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493