भोपाल, 17 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर मंगलवार सुबह गर्मी और उमस का असर देखा गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जताई है।
राज्य में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। मंगलवार सुबह भी चिलचिलाती धूप रही। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय हवाओं का रुख पश्चिम और उत्तर-पश्चिम है। आने वाले दिनों में हवाओं की दिशाओं में बदलाव हो सकता है, जिससे लू का प्रभाव बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान लू का असर बढ़ने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री, इंदौर में 25.6 डिग्री, ग्वालियर में 26.5 डिग्री और जबलपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री, इंदौर में 42.4 डिग्री, ग्वालियर में 45 डिग्री और जबलपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath