ढाका, 17 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के राजशाही क्षेत्र में विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर की हत्या के मामले में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि हिरासत में लिया गया शख्स प्रतिबंधित जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) का सदस्य है, जिसने राजशाही विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रजाउल करीम सिद्दीकी की हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, 23 अप्रैल को जब प्रोफेसर अपने घर के पास बस का इंतजार कर रहे थे, तभी अपराधियों ने उनका गला रेत दिया था।
सिद्दीकी एक लेखक और सांस्कृतिक कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
अधिकारी ने बताया, “हमने जेएमबी के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह हत्या में प्रत्यक्ष रूप से शामिल था।”
बांग्लादेश में 2013 से ही धर्मनिरपेक्ष लेखकों, ब्लॉगरों और प्रकाशकों की हत्याएं की जा रही हैं या इस इस तरह के हमलों में वे गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
आतंकवादियों ने पूर्व में की गई हत्याओं की जिम्मेदारी ली है।
जेएमबी बांग्लादेश में इस्लामिक शासन की स्थापना के लिए अभियान चलाए हुए है।
dharmpath.com dharmpath