नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल को एक उच्चस्तरीय समिति ने बुधवार को इस बात की सूचना दी है कि इंडिया गेट के निकट प्रिंसेज पार्क कॉम्प्लेक्स राष्ट्रीय युद्ध संग्रहालय के निर्माण के लिए एक उपयुक्त जगह होगा।
उच्चाधिकार शीर्ष संचालन समिति (ईएएससी) के फैसले से मंत्रिमंडल को अवगत कराया गया।
इससे पहले, अक्टूबर 2015 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय युद्ध संग्रहालय के निर्माण के लिए इंडिया गेट के ‘सी’ हेक्सागन जगह को मंजूरी दी थी।
लंबे समय से लंबित भारतीय सैनिकों के लिए राष्ट्रीय स्मारक के निर्माण का प्रस्ताव सर्वप्रथम सन् 1960 में सामने आया था, जिसे केंद्र की पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने साल 2012 में मंजूरी दी थी, लेकिन योजना आगे नहीं बढ़ सकी थी।
साल 2014 में सत्ता में आने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने युद्ध स्मारक के निर्माण के लिए आम बजट के दौरान 100 करोड़ रुपये के आवंटन की घोषणा की।
राज्यसभा में मार्च में एक लिखित जवाब में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि संग्रहालय व स्मारक के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मंत्री ने यह भी कहा कि परियोजना के पूर्ण होने की अवधि पांच साल निर्धारित की गई है।
रक्षा सचिव की अध्यक्षता में उच्चाधिकार शीर्ष संचालन समिति के दिशा-निर्देश के तहत योजना बनाने व परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम का गठन किया गया है।
dharmpath.com dharmpath