विधानसभा चुनाव : तृणमूल, एआईएडीएमके सत्ता में बरकरार, असम, केरल में उथलपुथल

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। विधानसभा चुनाव परिणामों के गुरुवार के नतीजों को देखते हुए पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और तमिलनाडु की सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) सत्ता में वापसी करने जा रही हैं। असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत की राह पर है और केरल में वाम मोर्चे ने वापसी की है।

सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होने के बाद दो घंटों के रूझान से पता चला है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल के उम्मीदवार 289 जगहों में से 199 में आगे हैं।

वाम व कांग्रेस दूसरे स्थान पर है, दोनों क्रमश: 37 व 41 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। भाजपा 12 जगहों पर आगे चल रही है। पश्चिम बंगाल विधायिका में 294 सदस्य हैं।

वहीं, तमिलनाडु में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने एग्जिट पोल को गलत साबित कर दिया और सत्ता पर काबिज होती दिखी। इसके उम्मीदवार 132 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे हैं और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके)-कांग्रेस गठबंधन 69 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहा है।

पाट्टाली मक्कल कॉची (पीएमके) चार जगहों पर आगे है। तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं।

वहीं, एआईएडीएमके की जीत सुनिश्चित होते ही चेन्नई में पार्टी नेता और मुख्यमंत्री जे. जयललिता के आवास के बाहर जश्न शुरू हो गया।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में पुरानी सरकार ही वापसी कर रही हैं, जबकि असम व केरल में सरकार बदलनें जा रही हैं।

असम में पहली बार भाजपा जीत की राह पर है। इसके गठबंधन के उम्मीदवार 65 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं। वहीं, कांग्रेस 28 सीटों पर आगे है। एआईयूडीएफ 17 जगहों पर आगे है।

असम में 126 सदस्यीय विधायिका है।

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को गद्दी से उतारने जा रहा है।

एलडीएफ उम्मीदवार 85 सीटों पर आगे हैं। यूडीएफ 53 सीटों पर आगे हैं। भाजपा एक सीट पर आगे है।

डीएमके-कांग्रेस गठबंधन और ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के बीच पुदुच्चेरी में नजदीकी मुकाबला है। दोनों क्रमश: 10 और नौ निर्वाचनक्षेत्रों में आगे हैं। केंद्र शासित प्रदेश में 30 सदस्यीय विधानसभा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493