ब्रासीलिया, 21 मई (आईएएनएस)। ब्राजील की अपदस्थ राष्ट्रपति डिल्मा रौसेफ ने कहा है कि अंतरिम सरकार देश की सामाजिक सुरक्षा प्रणाली को ‘अत्यधिक नुकसान’ पहुंचा रही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, रौसेफ ने पूर्व समाज कल्याण मंत्री कार्लोस गबास सहित फेसबुक पर वेब उपभोक्ताओं के साथ शुक्रवार को एक साक्षात्कार में अंतरिम राष्ट्रपति मिशेल टेमर सरकार के कदमों की निंदा की।
रौसेफ ने कहा कि टेमर सरकार ने देश की सामाजिक सुरक्षा प्रणाली को ‘अत्यधिक नुकसान’ पहुंचाया है।
उन्होंने कहा, “उन्होंने समाज कल्याण मंत्रालय को समाप्त कर दिया है। यह अनुचित है। यह विभाग ब्राजीलियाई श्रमिकों की विरासत का हिस्सा है।”
रौसेफ को 12 मई को अपने पद से अस्थायी तौर पर अपदस्थ किए जाने के पहले सप्ताह में ही टेमर ने समाज कल्याण मंत्रालय का वित्त मंत्रालय के साथ विलय कर दिया था।
रौसेफ ने कहा, “पिछले कुछ वर्षो में हमने जिन समाज कल्याण एजेंसियों का आधुनिकीकरण किया था, पता नहीं उनका क्या होगा। हालांकि अंतरिम मंत्री ने कहा है कि ये एजेंसियां किसी काम की नहीं हैं। क्या वे इन्हें बंद करने वाले हैं। यह अनुचित है।”
वित्तमंत्री हेनरिक मेयरेलेस ने 13 मई को कहा था कि सुधार की ‘स्पष्ट तौर पर आवश्यकता है’ और लंबी अवधि में सामाजिक सुरक्षा को ‘स्वावलंबी होना चाहिए और इसके लिए सरकार की ओर से शोधन क्षमता की जरूरत है।’
अंतरिम सरकार ने ब्राजील के श्रमिक संगठनों को उदार पेंशन प्रणाली में सुधार पर चर्चा के लिए सोमवार को एक बैठक के लिए आमंत्रित किया था। विश्लेषकों का मानना है कि यह 1930 के बाद से अब तब की सबसे खराब मंदी से ब्राजील को बाहर निकालने की शुरुआत के लिए आवश्यक है।
ब्राजील में कई सार्वजनिक श्रमिक अपनी उम्र के 50वें दशक की शुरुआत में सेवानिवृत्त हो सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath