रायपुर में फिर लहराया उतारा गया तिरंगा

रायपुर, 22 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव पर देश का सबसे ऊंचा तिरंगा रविवार की शाम फिर से फहरने लगा। शनिवार शाम आई आंधी में क्षतिग्रस्त होने के कारण देर रात उसे उतार लिया गया था। शाम साढ़े चार बजे उसे मरम्मत के बाद फिर पोल पर चढ़ा दिया गया है।

गौरतलब है कि मरीन ड्राइव के पास मॉर्निग वॉक के लिए गए लोग तब चौंक गए जब वहां पोल पर तिरंगा नहीं दिखा। तत्काल सोशल मीडिया पर फोटोज शेयर होने लगीं और शहर में यह चर्चा का विषय बन गया। पूछे जाने पर नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दो-तीन दिनों से हुक वाली जगह पर झंडा कुछ फट गया था।

फटे झंडे को रात दो बजे के करीब उतारकर मरम्मत के लिए भेजा गया। मरम्मत के बाद रविवार दोपहर साढ़े चार बजे के करीब झंडे को वापस लगा दिया गया है। करीब 12 घंटे के अंदर सबसे ऊंचे तिरंगे को वापस लगा देने के लिए लोग निगम की सतर्कता की तारीफ कर रहे हैं।

30 अप्रैल को बहुत ही तामझाम के साथ राजधानी में दुनिया का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया था। लोकार्पण के समय 82 मीटर ऊंचे पोल पर 105 गुणा 70 फीट साइज का तिरंगा लगाया गया था। उसके सोलह दिन बाद उसका 16 मई को कुछ तकनीकी कारणों से उसे उतार लिया गया। लेकिन, दोबारा जो झंडा लगाया गया, वह 90 गुणा 60 फीट साइज का था। अभी वही झंडा मरम्मत कर लगाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493