श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश), 23 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को फिर से उपयोग में लाए जा सकने योग्य देश के प्रथम स्वदेशी प्रक्षेपण यान (आरएलवी) के सफल प्रक्षेपण पर वैज्ञानिकों को बधाई दी।
इसका उद्देश्य उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचाना और फिर वातावरण में लौट आना है।
मोदी ने देश के वैज्ञानिकों को इस अभूतपूर्व सफलता पर बधाई देते हुए कहा, “भारत का पहला स्वदेशी प्रक्षेपण यान (आरएलवी) हमारे वैज्ञानिकों के अथक प्रयास का नतीजा है। उन्हें बधाई!”
उन्होंने लिखा, “जिस लगन और समर्पण के साथ हमारे वैज्ञानिकों और इसरो (भारत अंतरिक्ष एवं शोध संगठन) ने वर्षो से काम किया है, वह अपवाद और प्रेरित करने वाला है।”
यान के पृथ्वी पर लौटने के बाद इसरो के निदेशक देवी प्रसाद कार्णिक ने आईएएनएस को बताया, “हमने आरएलवी-टीडी मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इसे सुबह सात बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया।”
dharmpath.com dharmpath