चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश कर सकता है विपक्ष : अखिलेश

बदायूं, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार को बदनाम करने के लिए चुनाव से पहले विरोधी ताकतें साजिश कर सकती हैं। जनता को ऐसी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है।

बदायूं में एक सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने हमेशा दिलों को जोड़ने का काम किया है। सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास को रफ्तार दी है और स्वास्थ्य सेवाओं की अधिकाधिक लोगों तक पहुंच बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि 108-102 नम्बर पर डायल करने पर एंबुलेंस सेवा गरीबों को उपलब्ध करा कर न जाने कितने लोगों की जिंदगी बचाई गई है। सड़कें, पुल और एक्सप्रेस-वे के निर्माण हुए हैं। प्रतिकूल परिस्थिति में भी हजारों नौजवानों को नौकिरयां दी गई हैं।

अखिलेश ने कहा कि जनता सपा सरकार पर भरोसा करती है, जिससे विरोधी ताकतें घबरा गई हैं और सरकार को बदनाम करने के लिए साजिश कर रही हैं। बदायूं की एक घटना को लेकर विरोधियों ने दुष्प्रचार किया था और सच्चाई बाद में कुछ और ही निकली थी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग सांप्रदायिक सौहार्द, गांव-गरीब, किसान, नौजवान, मजदूर, महिलाएं सबके हितों की बात कर करते हैं। जनता ने उप्र में ऐसी सरकार भी देखी है जो सिर्फ नीले पत्थर लगाती थी। अच्छे दिनों का वादा कर केन्द्र में एक सरकार आ गई है। दो साल हो गए, मगर देश में किसी के लिए भी अच्छे दिन नहीं आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पेंशन देकर सरकार ने गरीबों का साथ निभाया है। कामधेनु योजना लाकर प्रदेश में दुग्ध क्रांति की नींव रखी है।

अखिलेश ने चुनौती देते हुए कहा कि जनता हमारे साथ है और विरोधी ताकतें कुछ भी कर लें, उप्र में फि र सपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493