बिहार में अटूट है महागठबंधन, राजग फैला रहा भ्रम : लालू

पटना, 23 मई (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल दलों में आरोप-प्रत्यारोप के बीच खामोश रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है।

लालू प्रसाद ने अपने दल के नेताओं को बेवजह बयानबाजी करने से बचने की नसीहत भी दी।

महागठंबधन को अटूट बताते हुए उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, “राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) भ्रम ना फैलाए। महागठबंधन अटूट है, लार मत टपकाए। आपको कोई लाभ नहीं होने जा रहा है। आप सब थके और बुरी तरह हारे हुए लोग हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने ‘जंगलराज’ का दुष्प्रचार व ध्रुवीकरण करने की कोशिश की, लेकिन बिहार की न्यायप्रिय जनता ने आप सबों को झाड़ू से बुहार कर बाहर फेंक दिया।”

पूर्व रेलमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में राजग नेताओं से कहा, “बिहार के गरीबों, वंचितों, उपेक्षितों ने पूर्णविश्वास के साथ महागठबंधन को जो पूर्ण बहुमत दिया है उस अपच के कारण आप लोगों को ‘भोमेटिंग’ हो रहा है।”

लालू प्रसाद ने भाजपा पर तंज कसते हुए आगे लिखा, “आप लोग छह महीना से कोमा में हैं, अपनी सांस संभालिए। महागठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है। जो भी इस पर छेनी-हथौड़ा चलाएगा, उसकी छेनी टूट जाएगी।”

उन्होंने अपने दल के लोगों को नसीहत देते हुए कहा, “बेवजह बयानबाजी से परेहज करें, कोई बात हो तो हमसे साझा करें।”

उल्लेखनीय है कि बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह, सांसद तस्लीमुद्दीन और प्रभुनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश पर निशाना साधा था। बाद में हालांकि राजद ने सांसद तस्लीमुद्दीन को पार्टी ने ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493