धर्मशाला स्मार्ट सिटी की सूची में दोबारा शामिल

शिमला, 24 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशन धर्मशला को मंगलवार को केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी की सूची में पुन: शामिल किया गया।

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा के यहां बसने से इस शहर ने लाखों पश्चिमी पर्यटकों को आकर्षित किया है।

केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने नई दिल्ली में ‘फस्ट ट्रैक स्मार्ट सिटी’ प्रतियोगिता जीतने वाले 13 विजेताओं की घोषणा की।

विजेता शहरों में लखनऊ, वारंगल, धर्मशाला, चंडीगढ़, रायपुर, नया शहर कोलकाता, भागलपुर, पणजी, पोर्ट ब्लेयर, इंफाल, रांची, अगरतला और फरीदाबाद शामिल हैं।

गत साल 17 दिसंबर को राज्य के उच्च न्यायालय ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत धर्मशाला को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल करने को केंद्र सरकार की अधिसूचना को खारिज कर दिया था।

उस समय उच्च न्यायालय ने ताजा अनुशंसा करने से पहले स्मार्ट सिटी में मिशन में शहरों को शामिल करने की शर्तो की समीक्षा के लिए सरकार को दो सप्ताह का समय दिया था।

शिमला नगरपालिका के महापौर संजय चौहान की याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने यह फैसला दिया था।

चौहान ने केंद्र सरकार के निर्णय को चुनौती देते हुए कहा था कि कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना ही धर्मशाला नगरपालिका परिषद के दावे को मंजूर कर लिया गया।

राज्य के नगर विकास मंत्री सुधीर शर्मा इस महीने में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री से मिले थे और उन्होंने शिमला को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल करने की मांग की थी।

उन्होंने अपने गृह क्षेत्र धर्मशाला को कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन (एएमआरयूटी) में शामिल करने की इच्छा जाहिर की थी। शिमला को इस मिशन में पहले ही शामिल किया जा चुका है।

शर्मा ने कहा कि राज्य के सबसे बड़े शहर और ऐतिहासिक एवं विरासत शहर का दर्जा प्राप्त होने के मद्देनजर प्रदेश की राजधानी शिमला स्मार्ट सिटी मिशन में शामिल होना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493