मोदी सरकार के 2 साल में कोई ठोस उपलब्धि नहीं : लालू

पटना, 26 मई (आईएएनएस)। केन्द्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो साल पूरे होने पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि दो साल में सरकार की कहीं कोई ठोस उपलब्धि नहीं दिखाई दे रही है। केन्द्र सरकार चुनावी वादों के साथ-साथ भारतीय संविधान के मूल्यों की रक्षा करने में पूरी तरह असमर्थ रही।

लालू ने गुरुवार को ट्वीट के जरिए केन्द्र सरकार पर जमकर सियासी हमला बोला। उन्होंने ट्वीट किया, “गरीबों के अच्छा जीवन जी पाने की लालसा का मजाक बनाते हुए 15-15 लाख रुपये देने का सपना दिखाया। सोचिए, गरीबों की गरीबी का कितना बेहूदा मजाक बनाया गया।”

केन्द्र सरकार पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आगे लिखा, “100 दिनों में विदेशों से काला धन लाने की गगनचुम्बी बातें करते थे, अब उल्टा हो रहा है देश के मेहनतकशों की गाढ़ी कमाई का सफेद धन विदेश जा रहा है।”

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने महंगाई बढ़ने पर भी केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, “महंगाई रत्तीभर भी कम नहीं हुई। दाल सचमुच मुर्गी के बराबर महंगी हो गई। युवाओं को सालाना दो करोड़ नौकरियां देने के ताबड़-तोड़ सपने बेचे गए।”

लालू ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अब विकास की नहीं विनाश की बात कर रही है। किसान कर्ज और वादों के गम के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। यह एक गहरे कृषि संकट का लक्षण है।

उन्होंने मोदी सरकार की एकमात्र उपलब्धियां बताते हुए लिखा, “संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की परियोजनाओं में अपना झूठा महिमामंडन व प्रायोजित कार्यक्रमों में पैसों और प्रोपेगेंडा के दम पर झूठा मंत्रोच्चार करना।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493