श्रीनगर, 28 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकवादी द्वारा समर्पण करने की खबरों को निराधार बताने के कुछ घंटों बाद सेना ने शनिवार को अंतत: कहा कि उसने पुलवामा जिले में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।
सेना ने एक बयान में कहा, “पुलवामा के नेवा-पिंगलाना रोड पर शनिवार को एक बेहद समन्वित अभियान में सेना ने बुरहान वानी के एक निकट सहयोगी तारिक पंडित के पकड़े जाने से हिजबुल मुजाहिदीन को तगड़ा झटका लगा है।”
इससे पहले खबर आई थी कि दक्षिण कश्मीर में सर्वाधिक वांछित हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के निकट सहयोगी तारिक पंडित ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है, लेकिन कर्नल एन.एन.जोशी ने संवाददाताओं से कहा, “तारिक के आत्मसमर्पण की खबरें निराधार हैं।”
सेना ने हालांकि अपने बयान में अंतत: तारिक से संबंधित खबर की पुष्टि की।
बयान के मुताबिक, “पुलवामा में करीमाबाद के निकट नेवा-पिंगलाना रोड से हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकवादी के गुजरने की खुफिया सूचना मिलने पर सेना ने शनिवार तड़के संयुक्त मोबाइल वाहन जांच चौकी बना ली थी।”
बयान में कहा गया, “आतंकवादी पर लगातार निगाह रखी गई। जैसे ही वह जद में आया राष्ट्रीय राइफल्स बटालियन दल के जवानों ने उसे पकड़ लिया।” साथ ही पंडित के पास से एक नाइन एमएम पिस्टल, दो चीनी ग्रेनेड और अन्य हथियार बरामद किए गए।
यह आतंकवादी पुलवामा इलाके में कई आतंकवादी वारदातों में शामिल था।
बयान के मुताबिक, “एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आतंकवादी को स्थानीय पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath