मुंबई, 31 मई (आईएएनएस)। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को कहा कि मॉरीशस की कंपनी गल्फ अफ्रीका पेट्रोलियम कारपोरेशन (गापको) में अपनी सहायक कंपनी की संपूर्ण 76 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए उसने ‘टोटल’ के साथ एक समझौता किया है।
शेयर बाजारों को दी गई नियामकीय सूचना में कंपनी ने यह नहीं बताया कि यह बिक्री कितने में होगी।
कंपनी द्वारा जारी बयान में कहा गया है, “रिलायंस एक्सप्लोरेशन एंड प्रोडक्शंस (आरईपीडीएमसीसी) का गापको में अपनी हिस्सेदारी बेचने का समझौता एक संयुक्त समझौते का हिस्सा है, जिसके तहत आरईपीडीएमसीसी और अल्पमत हिस्सेदार दोनों ने गापको में अपनी-अपनी संपूर्ण हिस्सेदारी बेच डालने का फैसला किया है।”
बयान के मुताबिक, “बिक्री से होने वाली आय सौदा पूरा होने पर तय की जाएगी, जिसके आने वाले महीनों में पूरा हो जाने का अनुमान है।”
गापको एक होल्डिंग कंपनी है, जिसकी सहायक कंपनियां तंजानिया, केन्या और उगांडा में हैं। यह पूर्वी अफ्रीका में पेट्रोलियम उत्पादों का आयात, व्यापार, भंडारण, वितरण, विपणन, आपूर्ति और परिवहन का कारोबार करती है।
एक अलग बयान में टोटल के अध्यक्ष मोमार नगुएर ने कहा, “यह अधिग्रहण अफ्रीका में पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण के लिए टोटल की विकास संबंधी रणनीति के अनुरूप है, जिसका मकसद लाभ में रहते हुए तीव्र विकास क्षेत्रों में प्रसार करना है।”
dharmpath.com dharmpath