गोवा : दुष्कर्म आरोपी नाइजीरियाई पर पहले भी दर्ज हो चुके हैं मुकदमे

पणजी, 1 जून (आईएएनएस)। गोवा में पिछले सप्ताह 31 वर्षीया महिला से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए नाइजीरियाई शख्स पर पूर्व में भी भारत में वीजा की मियाद खत्म होने के बावजूद रहने, दंगा-फसाद व हमला करने के मामले दर्ज हो चुके हैं।

दुष्कर्म आरोपी केनेथ उप्वेगदा (41) को सोमवार को मुंबई के करीब पनवेल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को एक निचली अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस से जुड़े सूत्रों ने कहा, “केनेथ को 2013 में गोवा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दंगा-फसाद करने व व्यवधान उत्पन्न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हमारे रिकॉर्ड यह भी दिखाते हैं कि उस पर वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद देश में रहने के आरोप में 2012 में कलंगुट पुलिस स्थान में मामला दर्ज किया गया था।”

केनेथ व उसके साथी पर 28 मई को चाकू की नोंक पर एक महिला को अगवा कर उससे दुष्कर्म करने का आरोप है। उसका साथी फरार है।

इस दुष्कर्म मामले से राज्य में आक्रोश व्याप्त है। पर्यटन मंत्री दिलीप पारूलेकर ने नाइजीरिया नागरिकों पर भारत की कानून व्यवस्था से विश्वासघात करने, देश में देर तक रुकने के लिए अपराधों को अंजाम देने और न्यायिक प्रक्रिया का एक ढाल के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493