सिवान, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार में सिवान जिले के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या के मामले के मुख्य साजिशकर्ता लड्डन मियां ने गुरुवार को सिवान की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
लड्डन मियां को पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का करीबी बताया जाता है।
सिवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार शाह ने बताया कि पत्रकार हत्या मामले में मुख्य आरोपी लड्डन मियां ने सीवान के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब लड्डन को रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी।
उल्लेखनीय है कि लड्डन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने उसकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की की तैयारी कर ली थी।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि लड्डन की गिरफ्तारी से इस मामले की जांच अब आगे बढ़ पाएगी।
बिहार पुलिस इस मामले में रोहित कुमार, विजय कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, ऋषि कुमार और सोनी कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से एक देसी पिस्तौल और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। एक मोटरसाइकिल पर खून के छींटे भी मिले हैं।
गौरतलब है कि पत्रकार राजदेव रंजन की 13 मई की शाम सीवान रेलवे स्टेशन के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
बिहार सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की अनुशंसा की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
dharmpath.com dharmpath