नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष वर्ग के डिस्कस थ्रो विजेता विकास शिव गौड़ा ने इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक की तैयारियों के मद्देनजर कम प्रतियोगिताओं में भाग लेने का फैसला किया है।
चौथी बार ओलिम्पक में हिस्सा लेने वाले विकास पहले के मुकाबले कम प्रतियोगिताओं में शिरकत करेंगे।
भारतीय एथलेटिक महासंघ (एएफआई) ने शुक्रवार को विकास के हवाले से लिखा, “मैं पिछले वर्षो के मुकाबले कम प्रतियोगिताओं में हिस्सा लूंगा। मैं जुलाई में यूरोप में होने वाली कुछ प्रतियोगिताओं में खेलूंगा। इस समय मेरा पूरा ध्यान अगस्त में होने वाले ओलम्पिक की तैयारियों पर है।”
मैसूर में पैदा हुए और अमेरिका में पले-बढ़े विकास राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में पिछले 50 वर्षों में पदक जीतने वाले इकलौते भारतीय पुरुष खिलाड़ी हैं। वह मौजूदा समय में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।
छह फीट नौ इंच लंबे विकास इम समय अमेरिका में पूर्व ओलम्पिक विजेता जॉन गोडिना के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath