कतर के अमीर के पिता से मोदी की मुलाकात

दोहा, 5 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर के पिता और कतर के पूर्व शासक शेख हमाद बिन खलीफा अल थानी से मुलाकात की और उनके साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। शेख हमाद बिन खलीफा अल थानी को कतर का ‘फादर अमीर’ कहा जाता है।

विदेश विभाग के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर इस मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओल्ड अमीरी दीवान में यह मुलाकात हुई।

शेख हमाद 1995 से 2013 तक कतर के अमीर रह चुके हैं।

इससे पहले रविवार को भारत और कतर ने सात समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें पर्यटन एवं निवेश भी शामिल है। मोदी और कतर के अमीर तमीम बिन हमाद अल थानी की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता के बाद ये हस्ताक्षर हुए।

मोदी ने कतर के शीर्ष उद्यमियों के साथ बैठक की और उन्हें भारत में निवेश का निमंत्रण दिया।

मोदी ने बाद में यहां के भारतीय समुदाय को संबोधित किया। कतर में छह लाख 30 हजार भारतीय नौकरी करते हैं। यह कतर में नौकरी करने वाले लोगों का अकेला सबसे बड़ा समूह है।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में शनिवार को अफगानिस्तान से यहां पहुंचे थे। यहां पहुंचने के तुरंत बाद उन्होंने भारतीय कामगारों के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर का दौरा किया।

कतर के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला बीव नासेर बिन खलीफा अल थानी ने मोदी के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया।

मनमोहन सिंह की वर्ष 2008 की कतर की यात्रा के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की कतर की यह पहली यात्रा है।

मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने खाड़ी क्षेत्र के चार देशों की यात्रा की है। इससे पहले वह संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और ईरान का दौरा कर चुके हैं।

मोदी देर शाम अपनी यात्रा के तीसरे पड़ाव, स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए। वहां से उन्हें अमेरिका और मैक्सिको भी जाना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493