रियो डी जेनेरियो, 6 जून (आईएएनएस)। ब्राजील के अंडर-23 के स्टार खिलाड़ी गेबरियल जीसस के गोल की बदौलत पाल्मेरास ने ब्राजील सेरी-ए फुटबाल चैम्पियनशिप में फ्लामेंगो को 2-1 से मात दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 19 वर्षीय खिलाड़ी ने रविवार को हुए मुकाबले के चौथे मिनट में गोल दागते हुए पाल्मेरास के लिए खाता खोला।
गेबरियल के गोल के एक मिनट बाद ही एलेन पेट्रिक की ओर से दागे गए गोल ने फ्लामेंगो को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
मुकाबले के 70वें मिनट में सेसर मार्टिंस द्वारा हाथों का इस्तेमाल किए जाने के कारण उन्हें लाल कार्ड दिखाकर मैदान से वापस भेज दिया गया। इसके बाद मिली पेनल्टी का इस्तेमाल करते हुए पाल्मेरास के खिलाड़ी जीन ने गोल दागा और टीम को जीत दिलाई।
ब्रासीलिया के स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के परिणाम ने 20 टीमों की सूची में पाल्मेरास को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया, जबकि फ्लामेंगो खिसककर पांचवे स्थान पर आ गया है।
dharmpath.com dharmpath